Friday, September 20, 2013

गौरी कक्का की डेरी और बचपन
वह शहर में आई थी एक नौकरी करने
और नई बनी सहेलियों के साथ जा रही थी खाना खाने
तभी अचानक एक गाय ने गोबर कर दिया
अरे अरे ये क्या अब तो खाना भी न खाया जायेगा
उनमें से एक ने कहा

दूसरी ने तभी कहा... अब तो मुझसे खाया भी न जायेगा
लेकिन उस गोबर की खुशबू ( जी हाँ खुशबु) के साथ वह तो न जाने किस दुनिया में जा पहुंची थी…
जब कक्का बनाते थे सानी तो वह बैठ जाती एक पट्टी पर चुपचाप
जब कक्का नहलाते गायों और भैंसों को वह देखती
कि कैसे मनुहार रहे हैं कक्का अपनी भूरी, कल्लो और गुंजिया को
जैसे कभी कभी उसके पापा उसके न खाने की जिद पर मानते हैं उसे
पुचकारते हैं, सहलाते हैं और न मानने पर डपट भी देते
वह घंटों देख सकती ही ये सब होते हुए
आखिर शाम को अपनी गिलसिया में दूध जो ले जाना था गौरी कक्का से
.
.
.
कक्का रोज़ भर देते एक गिलसिया दूध जो उसकी बचपन की जागीर होता
आज की इस रुतबेदार नौकरी की पूरे महीने की तन्खवाह भी कहाँ होती है
उस एक गिलसिया दूध जितनी कीमती ??
अगर माँ घर के तपेली भर दूध में कभी मिला दें वह जागीर तो
जंग छिड़ जाती थी…

उस समय गौबर से किसी को बदबू नहीं सिर्फ गौरी कक्का दी डेरी की महक आती थी….

0 comments:

Post a Comment