Friday, September 20, 2013

शाम गहरा रही थी

शाम गहरा रही थी
और मैंने अपने भीतर समेट ली तुम्हारी अंतिम किरण की बिलकुल आखिरी रौशनी
जो कुछ लाल और नीले से मिलती जुलती है
मुझे पता था की अब रात होने वाली है
मेरे मन में अंधकार के लिए बसे डर ने मुझे यह रौशनी सहेज सकने की ताकत दी
.
.
.
सच में देखो रात हो गई
लेकिन तुम्हारी वह लाल और नीले से मिलती जुलती रौशनी मेरे भीतर से बाहर आ गई है
ये लड़ रही है अँधेरे से
और मुझे बार बार दे रही है दिलासा मेरी बड़ी बहन जैसी की तुम सुबह फिर आओगे
अपनी नर्म मुलायम नारंगी रौशनी के साथ...

ज़माना कह रहा है 
ख्वाब ख्वाब हैं इन्हें हकीकत न समझो, 
पर इसी ज़माने में सुना था कभी 
कि हर हकीकत की बुनियाद में
एक ख्वाब छिपा होता है ...

गौरी कक्का की डेरी और बचपन
वह शहर में आई थी एक नौकरी करने
और नई बनी सहेलियों के साथ जा रही थी खाना खाने
तभी अचानक एक गाय ने गोबर कर दिया
अरे अरे ये क्या अब तो खाना भी न खाया जायेगा
उनमें से एक ने कहा

दूसरी ने तभी कहा... अब तो मुझसे खाया भी न जायेगा
लेकिन उस गोबर की खुशबू ( जी हाँ खुशबु) के साथ वह तो न जाने किस दुनिया में जा पहुंची थी…
जब कक्का बनाते थे सानी तो वह बैठ जाती एक पट्टी पर चुपचाप
जब कक्का नहलाते गायों और भैंसों को वह देखती
कि कैसे मनुहार रहे हैं कक्का अपनी भूरी, कल्लो और गुंजिया को
जैसे कभी कभी उसके पापा उसके न खाने की जिद पर मानते हैं उसे
पुचकारते हैं, सहलाते हैं और न मानने पर डपट भी देते
वह घंटों देख सकती ही ये सब होते हुए
आखिर शाम को अपनी गिलसिया में दूध जो ले जाना था गौरी कक्का से
.
.
.
कक्का रोज़ भर देते एक गिलसिया दूध जो उसकी बचपन की जागीर होता
आज की इस रुतबेदार नौकरी की पूरे महीने की तन्खवाह भी कहाँ होती है
उस एक गिलसिया दूध जितनी कीमती ??
अगर माँ घर के तपेली भर दूध में कभी मिला दें वह जागीर तो
जंग छिड़ जाती थी…

उस समय गौबर से किसी को बदबू नहीं सिर्फ गौरी कक्का दी डेरी की महक आती थी….

Thursday, August 29, 2013

मैं नदी हूँ ...

मैं नदी हूँ,
अपने उद्गम की ओर मुड़कर देखना मेरा स्वाभाव नहीं 
मैं नदी हूँ 
कई बार सोचती हूँ कि विधाता ने मुझे पुरुष क्यों नहीं बनाया! 
लेकिन क्या हजारों फीट की ऊँचाई से बेझिझक कूदकर 
झरनों को जन्म दे सकती थी ?
शायद कभी नहीं...
क्योंकि जन्म तो सिर्फ स्त्री ही दे सकती है ...
.
.
.
मैं नदी हूँ मैं एक स्त्री हूँ
मैं बहती हूँ, अपने रास्ते खुद बनाती हूँ,
और इन्ही रास्तों में जन्म देती जाती हूँ
कई नगर और महानगरों को .....
.
.
.
अरे हाँ! और श्रजन भी तो मेरे ही हिस्से आता है,
तो मेरे ही किनारों पर बन गई कई फैक्ट्रियां,
लगाई गईं कई कई मशीनें और क्या जा रहा है निर्माण नए युग का
यह बात अलग है की इस निर्माण में
मुझे ही बिसार दिया गया
अब मेरे ही विनाश का कारण बन रही है
मेरी श्रजनशीलता मेरी सहनशीलता
मैं नदी हूँ मैं स्त्री हूँ
क्यों भूलता जा रहा है ये संसार की .....
.
.
.
कैसे मेरे बिना संभव हो सकेगा
इस नए युग का संचालन और निर्माण???

मुझसे एक बार एक गुरु जी ने कहा था की तुम्हारा नाम मुझे हर बार आइना ही याद रहता है, क्योंकि जब जब तुम ध्यान करती हो मुझे लगता है की मैं खुद को देख रहा हूँ| 
तब से जब भी कोई मेरे साथ बुरा व्यवहार करता है मुझे लगता है वह खुद से ही बुरा कर रहा है और मुझे उस पर दया आती है| 
सच बात तो यही है की इस संसार में हम सभी आइना हैं जो किसी के साथ अच्छा या बुरा करता है वह परिवर्तित होकर उसी के पास लौट जाता है| हम सभी सिर्फ आइना है एक आइना...

Monday, August 26, 2013

जीवन सूत्र

इस बार राखी पर मेरे बड़े भैया Alok Mohan Nayak ने गज़ब का जीवन सूत्र दिया, आप सभी से साझा करने का दिल कर रहा है...
प्रतिभा और मेहनत को अलग अलग देखने वाले लोग कभी सफल नहीं होते, जो प्रतिभावान है और मेहनती नहीं वह जल्द ही अपनी प्रतिभा का पतन कर लेता है और जो प्रतिभावान नहीं लेकिन मेहनती है वह प्रतिभा देर से ही सही पा ही लेता है. इसलिए सफलता के लिए दोनों का समायोजन जरूरी है. और हाँ लम्बी बात चीत का अंत इस वाक्य पर हुआ की इस संसार में प्रतिभा कई बार भीख मांगती देखी गई है लेकिन मेहनत नहीं... 
पता नहीं आपको यह बात कितनी जची लेकिन मेरे दिल में घर कर गई ...