Friday, September 20, 2013

शाम गहरा रही थी

शाम गहरा रही थी
और मैंने अपने भीतर समेट ली तुम्हारी अंतिम किरण की बिलकुल आखिरी रौशनी
जो कुछ लाल और नीले से मिलती जुलती है
मुझे पता था की अब रात होने वाली है
मेरे मन में अंधकार के लिए बसे डर ने मुझे यह रौशनी सहेज सकने की ताकत दी
.
.
.
सच में देखो रात हो गई
लेकिन तुम्हारी वह लाल और नीले से मिलती जुलती रौशनी मेरे भीतर से बाहर आ गई है
ये लड़ रही है अँधेरे से
और मुझे बार बार दे रही है दिलासा मेरी बड़ी बहन जैसी की तुम सुबह फिर आओगे
अपनी नर्म मुलायम नारंगी रौशनी के साथ...

ज़माना कह रहा है 
ख्वाब ख्वाब हैं इन्हें हकीकत न समझो, 
पर इसी ज़माने में सुना था कभी 
कि हर हकीकत की बुनियाद में
एक ख्वाब छिपा होता है ...

गौरी कक्का की डेरी और बचपन
वह शहर में आई थी एक नौकरी करने
और नई बनी सहेलियों के साथ जा रही थी खाना खाने
तभी अचानक एक गाय ने गोबर कर दिया
अरे अरे ये क्या अब तो खाना भी न खाया जायेगा
उनमें से एक ने कहा

दूसरी ने तभी कहा... अब तो मुझसे खाया भी न जायेगा
लेकिन उस गोबर की खुशबू ( जी हाँ खुशबु) के साथ वह तो न जाने किस दुनिया में जा पहुंची थी…
जब कक्का बनाते थे सानी तो वह बैठ जाती एक पट्टी पर चुपचाप
जब कक्का नहलाते गायों और भैंसों को वह देखती
कि कैसे मनुहार रहे हैं कक्का अपनी भूरी, कल्लो और गुंजिया को
जैसे कभी कभी उसके पापा उसके न खाने की जिद पर मानते हैं उसे
पुचकारते हैं, सहलाते हैं और न मानने पर डपट भी देते
वह घंटों देख सकती ही ये सब होते हुए
आखिर शाम को अपनी गिलसिया में दूध जो ले जाना था गौरी कक्का से
.
.
.
कक्का रोज़ भर देते एक गिलसिया दूध जो उसकी बचपन की जागीर होता
आज की इस रुतबेदार नौकरी की पूरे महीने की तन्खवाह भी कहाँ होती है
उस एक गिलसिया दूध जितनी कीमती ??
अगर माँ घर के तपेली भर दूध में कभी मिला दें वह जागीर तो
जंग छिड़ जाती थी…

उस समय गौबर से किसी को बदबू नहीं सिर्फ गौरी कक्का दी डेरी की महक आती थी….